टीम इंडिया की धमाकेदार जीत: चौथे T20 में श्रीलंका को 30 रन से हराया

भारत ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 30 रनों से हराकर श्रृंखला में 4-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में दो विकेट पर 221 रन बनाए। इस लक्ष्य का जवाब देने उतरी श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 191 रन ही बना सकी। कप्तान चामरी अटापट्टू ने 52 रन बनाकर टीम का सर्वाधिक योगदान दिया। भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी और वैष्णवी शर्मा ने दो-दो विकेट लिए जबकि श्री चरणी ने एक सफलता हासिल की।
भारत की पारी:
भारत ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी से श्रीलंका को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। शेफाली ने 79 जबकि मंधाना ने 80 रन बनाए। ऋचा घोष ने 40 और कप्तान हरमनप्रीत कौर नाबाद 16 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस स्कोर के साथ भारतीय महिला टीम का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया, इससे पहले टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 217/4 रन बनाए थे।
श्रीलंका की पारी:
222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत मजबूत रही, हसिनी परेरा और चामरी अटापट्टू ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। परेरा 33 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि अटापट्टू ने 52 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे। इमेशा दुलानी ने 29, हर्षिता समरविक्रमा 20, कविषा दिलहारी 13 और रश्मिका सेवंडी 5 रन बनाए। निलक्षिका सिल्वा और कौशिनी ने क्रमश: 23 और 5 रन जोड़े।
टीमों में बदलाव:
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा रोड्रिग्स और क्रांति गौड़ को आराम दिया। उनकी जगह हरलीन देओल और अरुंधति रेड्डी को मौका मिला। श्रीलंका ने भी अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए।
प्लेइंग 11:
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी।
श्रीलंका: हासिनी परेरा, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मालशा शेहानी, रश्मिका सेववंडी, काव्या कविंदी, निमशा मदुशानी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.