बरेली में 166वीं राम बरात उत्सव का धूमधाम से आयोजन, मुस्लिम समाज ने बरसाए फूल

बरेली के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में सोमवार को 166वीं बार राम बरात की शोभायात्रा निकाली गई। विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की प्रतिमाएं 165 साल पुराने पारंपरिक रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलीं। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया और जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल भक्तिमय हो गया। हुरियारों की मोर्चेबंदी और गुलाल उड़ते देख ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ऋतुराज स्वयं भगवान श्रीराम का अभिनंदन करने आतुर हों।
श्रीराम लीला सभा ब्रह्मपुरी द्वारा आयोजित इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत नृसिंह मंदिर से हुई और यह मलूकपुर चौराहा, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, घंटाघर, नावल्टी चौराहा, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज चौराहा, साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बड़ा बाजार, किला चौराहा और सिटी सब्जी मंडी होते हुए शाम 6 बजे पुनः नृसिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जिला अस्पताल के पास डीजे की धुन पर हुरियारों ने जमकर रंग और उत्साह फैलाया।
इतिहासिक रथ में विराजित श्रीराम
राम लीला में होली के दिन निकलने वाली राम बरात का लकड़ी का रथ 165 साल पुराना है। वर्ष 2008 में इसे यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज घोषित किया गया था। हर साल इसी रथ पर भगवान श्रीराम की प्रतिमाएं सवार होकर नगर भ्रमण करती हैं।
बरेली कॉलेज और कालीबाड़ी में मोर्चेबंदी
बरेली कॉलेज गेट पर पहुंची राम बरात में लोगों ने छतों से रंग और पानी की बौछार की। कालीबाड़ी में हुरियारों और श्रद्धालुओं के बीच रंगों की मोर्चेबंदी हुई। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से कोतवाली के सामने पुष्पवर्षा कर राम बरात का स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल और अनुप अग्रवाल मौजूद रहे।
पूर्व सांसद ने की पूजा-अर्चना
पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने भगवान श्रीराम की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि राम बरात सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी को होली और राम बरात की शुभकामनाएं दी।
समुदाय और व्यापारियों का स्वागत
पीस कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नदीम इकबाल और अन्य समुदायिक प्रतिनिधियों ने चार जगह राम बरात का स्वागत किया। दरगाह आला हजरत बिहारीपुर मोड़ पर मुस्लिम समाज ने पुष्पवर्षा की और आयोजकों का सम्मान किया। बिहारीपुर में व्यापारियों जैसे संजय अरोड़ा, तेजस अरोड़ा, रुद्राक्ष अरोड़ा, जितेंद्र कुमार और मनन कुमार ने पुष्पवर्षा कर राम बरात का स्वागत किया।
सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति ठप
राम बरात के दौरान सुरक्षा के कारण विद्युत निगम ने आलमगिरीगंज, कोहाड़ापीर, अस्पताल, मोती पार्क और आला हजरत फीडर को बंद रखा। सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में दो-तीन घंटे बिजली आपूर्ति रोकी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.