देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिल्ली पहुंची, वैष्णव बोले- दिसंबर तक 12 ट्रेनें चलाने का लक्ष्य

नई दिल्ली। भारतीय रेल की आधुनिक यात्रा व्यवस्था में एक और अहम अध्याय जुड़ गया है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। इस अत्याधुनिक ट्रेन का नियमित संचालन इसी महीने गुवाहाटी–कोलकाता रूट पर शुरू किए जाने की तैयारी है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए तैयार की गई सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि आने वाले छह महीनों में आठ नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जबकि वर्ष के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 12 कर दी जाएगी।
रेल मंत्री के अनुसार, अगले 15 से 20 दिनों के भीतर इस ट्रेन का व्यावसायिक परिचालन शुरू हो जाएगा। यह पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी जो दो राज्यों को जोड़ते हुए लंबी दूरी की यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी। यह पहल देश में रेल यात्रा के स्तर को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

823 यात्रियों की क्षमता, तीन श्रेणियों में सुविधा
16 कोच वाली यह पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन कुल 823 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है। इसमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 यात्रियों के लिए व्यवस्था की गई है।
तेज रफ्तार और हाईटेक सुरक्षा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, फायर सेफ्टी सिस्टम और एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं। सेंसर युक्त स्वचालित दरवाजे, आरामदायक बर्थ और बेहतर स्वच्छता इसकी खास पहचान हैं। ट्रेन में इस्तेमाल की गई कीटाणुनाशक तकनीक 99.9 प्रतिशत तक रोगाणुओं को नष्ट करने में सक्षम बताई जा रही है।
हवाई सफर से सस्ता किराया
किराये की बात करें तो भोजन सहित थर्ड एसी का किराया लगभग 2300 रुपये, सेकंड एसी का 3000 रुपये और फर्स्ट एसी का 3600 रुपये निर्धारित किया गया है। रेल मंत्री ने कहा कि गुवाहाटी से कोलकाता की हवाई यात्रा का किराया आमतौर पर 6000 से 8000 रुपये तक होता है, ऐसे में यह ट्रेन यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.