दिल्ली में गर्मी का एहसास शुरू, 25 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, AQI रहा खराब

नई दिल्ली। राजधानी में मौसम धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। सुबह और शाम की हल्की ठंड के बीच अब दोपहर के समय धूप तेज महसूस होने लगी है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हुआ। इसी बीच वायु गुणवत्ता एक बार फिर चिंता का विषय बनी रही और हवा “खराब” श्रेणी में दर्ज की गई।
दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से करीब डेढ़ डिग्री अधिक था। दिन के दौरान हवा में नमी का स्तर 48 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा।
सुबह कोहरा, दिन में तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
हवा की गुणवत्ता ने बढ़ाई चिंता
शुक्रवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया, जो “खराब” श्रेणी में आता है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के 26 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI खराब स्तर पर रहा, जबकि 13 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता “मध्यम” श्रेणी में दर्ज की गई।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार हो सकता है और AQI “मध्यम” श्रेणी में बना रह सकता है।
अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल
शुक्रवार को रिज इलाके में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि सफदरजंग, लोधी रोड और आयानगर जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहा। न्यूनतम तापमान सबसे कम लोधी रोड क्षेत्र में 8 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जबकि राजघाट और मयूर विहार में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.