हिसार में केएफसी को उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

हांसी (हिसार)। रामायण टोल प्लाजा के पास स्थित केएफसी रेस्टोरेंट को बम धमाके की धमकी मिलने से हांसी प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मुख्यालय में अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई कॉल के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शुरुआती जांच में पता चला कि धमकी भरी कॉल सोनीपत क्षेत्र से की गई, जबकि जिस नंबर पर कॉल दर्ज हुई, वह बरवाला इलाके से जुड़ा है। पुलिस दोनों लोकेशन से जुड़े सुराग जुटा रही है ताकि कॉल करने वाले की सटीक पहचान की जा सके।
हांसी एसपी अमित यशवर्धन ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी किस केएफसी शाखा को लेकर दी गई। शहर और हरियाणा में केएफसी की कई शाखाएं हैं। उन्होंने कहा कि संभावना है कि यह किसी का मजाक हो, लेकिन पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही।
सुरक्षा मानकों के अनुसार सभी संभावित जगहों पर जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है। केएफसी के मैनेजर अशोक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे हांसी पुलिस टीम रेस्टोरेंट पहुंची और उनसे पूछताछ की कि क्या उन्हें धमकी भरी कॉल मिली है।
मैनेजर ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई कॉल नहीं मिली। पुलिस इसे फेक कॉल होने की संभावना के तहत भी जांच में शामिल कर रही है।
केएफसी रेस्टोरेंट हांसी के पास नेशनल हाईवे पर स्थित है, जबकि हिसार कैंट से इसकी दूरी लगभग 7.5 किलोमीटर है। सप्ताहांत के दौरान इस मार्ग पर आवाजाही अधिक रहती है। रेस्टोरेंट में कुल 6 कर्मचारी कार्यरत हैं।
धमकी के बाद स्थानीय पुलिस ने केएफसी के आसपास सुरक्षा बढ़ाई और आसपास के एरिया में निगरानी तेज कर दी। साइबर सेल कॉल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वाले की सही लोकेशन और पहचान सामने आ सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.