उत्तराखंड में टोमेटो फ्लू के बढ़ते मामले, अस्पतालों में बने आइसोलेशन वार्ड

उत्तराखंड में टोमेटो फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में अधिकारियों ने एडवाइजरी जारी करते हुए संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष कदम उठाए हैं। विभाग के अनुसार, यह फ्लू बच्चों में तेज़ी से फैल रहा है और कई मामलों में इसके गंभीर लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
ऊधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में अब तक 28 संक्रमित बच्चों की पुष्टि की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध मामलों की तुरंत जांच कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जाए। साथ ही, प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में बच्चों के लिए विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। पीएमएस डॉ. तरुण कुमार टम्टा ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चिकित्सा टीमों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि बच्चे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क से बचें। यदि किसी बच्चे में बुखार, गले में खराश, त्वचा पर दाने या थकान जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। विभाग ने यह भी कहा कि समय पर जांच और उपचार से संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.