चरथावल में दर्दनाक हादसा, टहलने निकली महिला की कार की टक्कर से मौत

मुजफ्फरनगर: चरथावल कस्बे में मंगलवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में टहलने निकली महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला नहर में जा गिरी, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसा रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ।
मोहल्ला नहर बस्ती निवासी 45 वर्षीय इमराना पत्नी आस मोहम्मद चरथावल–कुटेसरा मार्ग पर टहल रही थीं। बताया जा रहा है कि राजू कश्यप की आरा मशीन के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सीधे पास की नहर में गिर गईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने तुरंत नहर में उतरकर महिला को बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम जय किशोर और चौकी प्रभारी राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया गया कि दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.