खुदनपुरी में दर्दनाक हादसा, बंद कार में दम घुटने से दो मासूम बहनों की मौत

अलवर: शहर के खुदनपुरी इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। खेलते-खेलते दो मासूम बहनें एक खराब खड़ी कार में जा घुसीं, जहां फंसने के बाद दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां कार में प्रवेश करती दिखाई दे रही हैं।
मृतकों की पहचान 8 वर्षीय टीना और 5 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो रमेश की बेटियां थीं। पिता रमेश हेयर सैलून चलाते हैं और रोज की तरह सुबह बेटियों को घर पर छोड़कर काम पर चले गए थे।
जानकारी के अनुसार, करीब 11:30 बजे दोनों बहनें खेलते-खेलते घर के पास स्थित एक कार रिपेयरिंग सेंटर तक पहुंच गईं। वहां खड़ी एक बंद और खराब हालत की कार में वे खेलने के लिए अंदर चली गईं। इसी दौरान दरवाजा बंद हो गया और वे बाहर नहीं निकल सकीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चियों को वहां से कई बार हटाया गया था, लेकिन वे दोबारा उसी जगह पहुंच गईं। कार के अंदर बंद होने के बाद गर्मी और हवा की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई।
दोपहर करीब 12 बजे जब पिता घर लौटे तो बच्चियां वहां नहीं मिलीं। काफी तलाश के बाद दोनों को कार के अंदर बेहोशी की हालत में पाया गया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, कार पूरी तरह खराब अवस्था में थी और उसमें बिजली या लॉक सिस्टम सक्रिय नहीं था। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बच्चियां अंदर जाकर दरवाजा बंद करने के बाद खुद बाहर नहीं निकल सकीं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चियों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। परिवार पहले ही मां को खो चुका था, और अब इस हादसे ने पिता पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.