शादी का दबाव बना रही थी दो बेटियों की मां, प्रेमी ने हत्या कर रूम हीटर से जलाया

HIGHLIGHTS
- नागपुर में 38 वर्षीय विवाहित महिला की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार।
- पुलिस के मुताबिक, महिला और आरोपी करीब 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे।
- घटना के समय महिला का पति गांव गया था और बेटियां चाचा के घर थीं।
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में 38 वर्षीय विवाहित महिला की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी ने महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया और मौके से भागने से पहले रूम हीटर की मदद से उसके शरीर को जला दिया।
महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) पुलिस ने मंगलवार को उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव से आरोपी जावेद शेख शाहिद मन्यार (33) को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी के मुताबिक, अदालत ने उसे 17 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
दो बेटियों की मां थी महिला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला अपने पति और 11 व 13 साल की दो बेटियों के साथ रहती थी। आरोपी जावेद जलगांव जिले की रावेर तहसील का रहने वाला है और नागपुर में एयर-कंडीशनर टेक्नीशियन के रूप में काम करता था।
शादी के लिए दबाव बना रही थी महिला
अधिकारी ने बताया कि महिला और जावेद एक-दूसरे को करीब 15 साल से जानते थे और दोनों के बीच संबंध थे। महिला जावेद पर शादी करने का दबाव बना रही थी। जावेद पहले से शादीशुदा था, जिस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
रविवार सुबह जावेद महिला के घर पहुंचा। उस समय महिला का पति काम के सिलसिले में अपने पैतृक गांव गया हुआ था, जबकि उसकी दोनों बेटियां अपने चाचा के घर गई थीं।
अधिकारी के अनुसार, शाम को शादी के मुद्दे पर दोनों के बीच बहस हुई। आरोप है कि इस दौरान जावेद ने महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया। इसके बाद उसने कथित तौर पर रूम हीटर से महिला के शरीर को जला दिया।
वारदात के बाद आरोपी रात में ट्रेन से जलगांव भाग गया। सोमवार सुबह महिला की बेटियों के घर लौटने पर घटना का पता चला। शुरुआत में परिवार को संदेह था कि महिला की मौत बिजली का झटका लगने से हुई है, लेकिन शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में उसके सिर पर चोट लगने की बात सामने आई।
पुलिस ने मंगलवार को जावेद को गिरफ्तार कर लिया और उसे नागपुर लाया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.