बेंगलुरु पब विवाद में IAS विकास मरमत पर गिरी गाज, आंध्र प्रदेश सरकार ने किया तबादला

HIGHLIGHTS
- आंध्र प्रदेश सरकार ने IAS अधिकारी विकास मरमत का तबादला किया।
- बेंगलुरु के एक पब में पुलिस टीम के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला।
- 10 अक्टूबर की रात रेजिडेंसी रोड स्थित बार-रेस्तरां में हुई थी घटना।
विजयवाड़ा। बेंगलुरु के एक पब में विवाद और पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार व मारपीट की कोशिश के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास मरमत के खिलाफ कार्रवाई की है। उनका तबादला कर दिया गया है।
10 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक महंगे बार और रेस्तरां में हुई घटना को लेकर कब्बन पार्क पुलिस ने 2019 बैच के IAS अधिकारी विकास मरमत और उनके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनमें रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाने वाले नीतीश और बाउंसर रोशन शामिल हैं। इन सभी पर पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके सहित पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार करने और उन पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप है।
विकास मरमत मुख्य आरोपी, तीन अन्य सह-आरोपी
पुलिस ने इस मामले में IAS अधिकारी विकास मरमत को मुख्य आरोपी बनाया है, जबकि उनके तीन साथियों को सह-आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, अगली सुबह मरमत और अन्य लोगों ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह घटना उस समय हुई, जब सेंट्रल क्राइम ब्रांच की एक टीम शराब की दुकानों पर नाबालिगों के शराब पीने या पार्टी करने से जुड़े मामलों की जांच के लिए रात करीब 1:30 बजे 'कैवोर' (Cavore) पहुंची थी। टीम की अगुवाई इंस्पेक्टर अरुण सालुंके कर रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस के एक अधिकारी ने कुछ युवतियों से उनकी उम्र की पुष्टि के लिए दस्तावेज मांगे। बताया जाता है कि इस बात से विकास मरमत और अभय उदय सिंह नाराज हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ रूखा व्यवहार करने लगे।
मंगलवार सुबह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आंध्र प्रदेश सरकार पर IAS अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया। मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया, क्योंकि मरमत कुप्पम में शहरी विकास प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। कुप्पम मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का विधानसभा क्षेत्र है।
सरकार ने किया विकास मरमत का तबादला
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को घटना की विस्तृत जांच कर 13 अक्टूबर तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने विकास मरमत के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
सरकार ने उनका तबादला करते हुए बुधवार को जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें आगे की तैनाती दी जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.