राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट जून 2026 के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गंभीर खामियां सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है। पुनर्परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एनटीए ने यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून 2026 के बीच 87 विषयों के लिए आयोजित की थी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की गई थी।
तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में मिलीं कई खामियां
एनटीए के अनुसार, अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद एनटीए ने एक समिति गठित कर इन प्रश्नपत्रों की जांच कराई। जांच के दौरान तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी गलतियां सामने आईं।
जांच में मशहूर विद्वानों के नाम गलत लिखे जाने, किताबों के शीर्षकों में गलतियां और सवालों की भाषा में कमियां मिलने की बात सामने आई। इसके अलावा व्याकरण, लिंग और वचन से संबंधित गलतियां भी पाई गईं। स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों के इस्तेमाल और पहले पूछे जा चुके कई सवालों को दोबारा शामिल किए जाने की बात भी सामने आई।
एनटीए ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सामने आई गलतियों को केवल चैलेंज प्रक्रिया के बाद सवाल हटाकर ठीक नहीं किया जा सकता। इसी वजह से इन तीनों विषयों के पेपर दोबारा कराने का फैसला लिया गया है।
एनटीए ने इन विषयों की पुनर्परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
कब होगी दोबारा परीक्षा?
अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक।
समाजशास्त्र: 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.