2027 चुनाव से पहले सुभासपा की पश्चिमी यूपी में एंट्री, 9 सीटों पर प्रभारी घोषित

HIGHLIGHTS
- सुभासपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश में 62 सीटों पर प्रभारी घोषित किए हैं।
- इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटें शामिल हैं।
- मैनपुरी की सदर, भोगांव और किशनी सीट पर भी प्रभारी घोषित किए गए हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजग गठबंधन के सहयोगी दल भी प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी क्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश में जनाधार रखने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
राष्ट्रीय लोकदल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वांचल में अपना जनाधार बढ़ाने और विधानसभा चुनाव में वहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। वहीं, पूर्वांचल के कुछ जिलों में जनाधार रखने वाली सुभासपा ने पश्चिमी यूपी की नौ विधानसभा सीटों पर प्रभारी घोषित कर इस क्षेत्र में सीटों की दावेदारी पेश की है।
योगी आदित्यनाथ सरकार में पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक प्रदेश की 62 विधानसभा सीटों पर प्रभारी घोषित किए हैं। इनमें पश्चिमी यूपी की नौ सीटें शामिल हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी जिले की सदर, भोगांव और किशनी (सुरक्षित) विधानसभा सीटों पर भी प्रभारी घोषित कर पार्टी ने अपनी दावेदारी जताई है।
ओम प्रकाश राजभर की पार्टी ने मुरादाबाद जिले की मुरादाबाद ग्रामीण, फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद, शामली जिले की थाना भवन, बिजनौर जिले की नजीबाबाद, सहारनपुर जिले की बेहट और संभल जिले की असमोली विधानसभा सीट पर भी प्रभारी घोषित किए हैं।
पार्टी अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा से इन सीटों की मांग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि राजभर इन जिलों में रैलियां कर चुके हैं। पश्चिमी यूपी में अपनी पकड़ का अहसास भाजपा नेतृत्व को कराने के लिए वह दिल्ली में भी रैली कर चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.