रील बनाने के दौरान मामा-भांजा हथनीकुंड बैराज में डूबे,

सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित हथनीकुंड बैराज पर गुरुवार शाम रील बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मामा-भांजे वीडियो शूट करने के प्रयास में यमुना नदी में गिर गए। इस घटना में भांजे को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि मामा 21 वर्षीय लोकेश कुमार लापता हो गए।
जानकारी के अनुसार, लोकेश पुत्र धर्मपाल, निवासी राम धौलरा (कोतवाली बेहट), अपने भांजे दीपक के साथ हथनीकुंड बैराज घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बैराज के उत्तर दिशा में कुंड के पास वीडियो बना रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से दोनों नदी में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दीपक को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन लोकेश तेज बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सुबे सिंह और हथनीकुंड चौकी इंचार्ज अमरेश भाटी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन अंधेरा होने के कारण देर शाम तक तलाश अभियान रोकना पड़ा।
इसके बाद पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोरों की मदद से शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। 41वीं वाहिनी पीएसी की फ्लड टीम, मुख्य आरक्षी मनोज शर्मा के नेतृत्व में मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची और बैराज क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय गोताखोर भी युवक की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं।
लापता युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और प्रशासन से जल्द खोजबीन की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और राहत दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.