केरलम में कांग्रेस का अनोखा विरोध, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शन का आयोजन पलक्कड़ के स्टेडियम बस स्टैंड के पास ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने किया।
- कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से प्रतीकात्मक अर्थी लेकर पहुंचे।
- प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार की माला चढ़ी तस्वीर रखकर अंतिम संस्कार की रस्में निभाई गईं।
तिरुवनंतपुरम। केरलम के पलक्कड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनकी माला चढ़ी तस्वीर रखकर चिता सजाई और अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्मों का प्रतीकात्मक रूप से मंचन किया। इसके बाद चिता की बची हुई राख को एक शौचालय में बहा दिया गया।
यह प्रदर्शन पलक्कड़ शहर में स्टेडियम बस स्टैंड के पास ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित किया गया। इसमें शामिल पार्टी कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) कार्यालय से प्रतीकात्मक अर्थी लेकर बस स्टैंड पहुंचे।
वहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की माला चढ़ी तस्वीर रखी गई। इसके बाद हिंदू अंतिम संस्कार की तर्ज पर रस्में निभाई गईं और प्रतीकात्मक चिता को आग लगा दी गई।
राख शौचालय में बहाने पर विवाद
प्रदर्शन के दौरान चिता जलने के बाद कार्यकर्ताओं ने उसकी राख इकट्ठा की और विरोध जताने के लिए उसे एक शौचालय में बहा दिया। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी बहस शुरू हो गई है।
इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, कुछ समय पहले पलक्कड़ के गवर्नमेंट विक्टोरिया कॉलेज के प्रिंसिपल के खिलाफ वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई ने इसी तरह का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया था। उस समय कांग्रेस नेताओं ने इस कदम की कड़ी आलोचना की थी।
अब कांग्रेस कार्यकर्ता देश के एक प्रमुख संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ इसी तरह का प्रदर्शन करते नजर आए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.