यूपी भाजपा का बूथ सशक्तिकरण अभियान तेज, लखनऊ में हुई अहम बैठक

उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रदेश और क्षेत्रीय संगठन में बदलाव को लेकर भले ही पिछले लगभग तीन महीनों से मंथन जारी हो, लेकिन अभी तक किसी बड़े स्तर पर फेरबदल नहीं हो सका है। इसके बावजूद पार्टी का पूरा फोकस बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने पर बना हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने की। इसमें अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और मंडल स्तर के प्रवासी कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ सशक्तिकरण की रणनीति को और प्रभावी बनाना रहा।
बैठक के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और सक्षम समितियों के गठन, कार्यकर्ताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और लाभार्थी संपर्क अभियान को तेज करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही निर्देश दिया गया कि सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ समितियों का जमीनी सत्यापन करें और जहां भी कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराएं।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ संरचना ही है। उन्होंने पदाधिकारियों से लगातार क्षेत्रीय दौरे करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों व उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जाकर बूथ स्तर की स्थिति का आकलन करें और कमियों को तुरंत दूर करें। उन्होंने यह भी कहा कि हर बूथ पर सक्रिय टीम का गठन और उसका सुचारु संचालन जरूरी है। इसके साथ ही लाभार्थी संपर्क अभियान को और गति देने पर जोर दिया गया।
इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी, पद्मसेन चौधरी, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, अर्चना मिश्रा, शंकर लोधी और क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.