शामली में छात्र की हत्या पर बवाल, हाईवे जाम; बुलडोजर कार्रवाई की मांग

शामली। जिले के खानपुर तलवा माजरा गांव के रहने वाले 20 वर्षीय आईटीआई छात्र अभि की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। गुरुवार को गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हाईवे पर घंटों लगा जाम
पोस्टमार्टम के बाद सुबह जैसे ही अभि का शव गांव पहुंचा, आक्रोशित लोग खेड़ी बैरागी मंदिर के पास इकट्ठा हो गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के साथ उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी। मौके पर पहुंचे एएसपी सुमित शुक्ला और अन्य पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद ही लोगों ने जाम हटाया।
मेले से लौटते वक्त मारी गई गोली
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अभि गोहरपुर में दुर्गा मंदिर के मेले में प्रसाद चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे मेरठ के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में एफआईआर दर्ज
इस घटना को लेकर मृतक के पिता की शिकायत पर एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.