यूपी में चार दिन बदलेगा मौसम, बारिश के साथ तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका

HIGHLIGHTS
- 29 अक्टूबर को कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
- मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।
- सोनभद्र, चित्रकूट, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव के चलते उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके प्रभाव से दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
लोगों और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी निर्देश
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने और पेड़ों, बिजली के खंभों व कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।
बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास जाने से भी बचने की हिदायत दी गई है। किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
इन 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
सोनभद्र, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी वर्षा का येलो अलर्ट है।
इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.