उत्तर भारत में सर्दी ने दी दस्तक, दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

उत्तर भारत में सर्दी ने औपचारिक दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच गई हैं, जिससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सुबह-शाम सिहरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी तथा सर्दी का असर तेज़ी से बढ़ेगा।
हिमाचल में सीजन की सबसे ठंडी रात
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार को जबरदस्त ठंड महसूस की गई। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। केलोंग में पारा माइनस 3.2, कुकुमसेरी में माइनस 2.1 और किनौर के कल्पा में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल्पा में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे आसपास के इलाकों में ठंड और बढ़ गई है।
गुलमर्ग बना जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा इलाका
जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। सोनमर्ग और गुलमर्ग जैसे ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर मोटी बर्फ की परत जमी है। गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम है। वहीं, पहलगाम में अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही ठंडी हवाएं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। अमृतसर और अंबाला में यह पारा 11 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ, चमोली और औली में भी बर्फबारी के बाद तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है।
नवंबर मध्य तक 10 डिग्री से नीचे जाएगा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पोस्ट-मानसून अवधि (1 अक्तूबर से 6 नवंबर) में हिमाचल प्रदेश में 69.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 140 प्रतिशत अधिक है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो नवंबर के मध्य तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।
अगले 36 घंटे रहेंगे मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 36 घंटे देश के कई हिस्सों में मौसम चुनौतीपूर्ण रहेगा। उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बिजली गिरने, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु में 7-8 नवंबर तथा केरल में 8-10 नवंबर के बीच कई स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.