मुजफ्फरनगर: तमंचे संग फोटो डालकर दिखा रहा था दबंगई, वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ तस्वीर साझा कर दबंगई दिखाने का प्रयास एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल फोटो पर संज्ञान लेते हुए जानसठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक युवक की 12 बोर के तमंचे के साथ तस्वीर तेजी से प्रसारित हो रही थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने फोटो की जांच शुरू की और युवक की पहचान थाना क्षेत्र के कवाल निवासी अरशद पुत्र मुमतियाज के रूप में की।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कवाल-पिमौड़ा मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने युवाओं से भी अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और अवैध गतिविधियों या हथियारों के प्रदर्शन से बचें, क्योंकि ऐसा करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.