महिलाओं को 3 हजार रुपये और 2 लाख नौकरियां... असम चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी

गुवाहाटी में आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संयुक्त रूप से इसे सार्वजनिक किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे।
31 वादों पर फोकस
भाजपा के घोषणापत्र में कुल 31 प्रमुख घोषणाएं शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य असम को देश के सबसे सुरक्षित और विकसित राज्यों में शामिल करना है। साथ ही, यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने और सामाजिक मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने की बात भी कही गई है।
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
घोषणापत्र में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। ओरुनोडोई योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 40 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया है।
रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
भाजपा ने अगले पांच वर्षों में 2 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विस्तार की योजना है, जिसके तहत हर जिले में मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य तय किया गया है। राज्य को बाढ़ से राहत दिलाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू करने की भी घोषणा की गई है।
विकास कार्यों का दावा
निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले एक दशक में असम में जिस तरह का विकास हुआ है, वह पहले संभव नहीं हो पाया था। उनके अनुसार, यह घोषणापत्र राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया गया है।
राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए प्रदेशभर से करीब 2.45 लाख सुझाव लिए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने राज्य में स्थिरता और विकास सुनिश्चित किया है।
एक चरण में मतदान
असम की सभी 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। भाजपा, असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के साथ मिलकर चुनाव मैदान में है और गठबंधन लगातार तीसरी जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.