‘चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी छोड़कर चले गए’, अखिलेश यादव का जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए तंज

HIGHLIGHTS
- लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में दिया बयान।
- बोले- ‘चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।’
- अखिलेश यादव के बयान को RLD के सपा से अलग होकर NDA में शामिल होने से जोड़कर देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।” उनके इस बयान को जयंत चौधरी और आरएलडी के समाजवादी पार्टी से अलग होकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महारानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों और राजनीतिक साथियों का जिक्र करते हुए बिना किसी का नाम लिए आरएलडी और जयंत चौधरी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने सहयोगियों को आगे बढ़ाने के लिए काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उनका साथ छोड़कर चले गए।
बता दें कि समाजवादी पार्टी और आरएलडी ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन के तहत लड़ा था। इसके बाद भी दोनों दल साथ रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी की आरएलडी ने सपा से दूरी बना ली और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गई।
विधानसभा चुनाव को बताया महत्वपूर्ण
अखिलेश यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पीडीए आंदोलन के मुद्दे के साथ आगे बढ़ी और पार्टी को इसका लाभ मिला।
लोधी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाज को जो सीट दी गई थी, उसे जीतकर पार्टी की झोली में डाल दिया गया। उन्होंने बुंदेलखंड के चुनावी नतीजों का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड में समाजवादी पार्टी का खाता तक नहीं खुलता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी ने ऐसी सीट भी जीत ली, जहां जीत की उम्मीद नहीं की जाती थी।
‘PDA में सभी को जोड़कर बनाएंगे गुलदस्ता’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए में सभी लोगों को शामिल कर एक “गुलदस्ता” तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीडीए की सरकार बनाने और सामाजिक न्याय स्थापित करने के लिए समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को अपने साथ जोड़ेगी और सभी को सम्मान देगी।
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर 16 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.