दिल्ली में 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन

दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी गांव से राजधानी में 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन कर स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया। इन नए केंद्रों के जुड़ने से दिल्ली में अब आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या 370 हो गई है, जो केवल आठ महीनों में हासिल की गई एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सस्ती, समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से नए केंद्रों का निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि सभी जरूरी जांच, दवाइयां और सेवाएं सुचारू रूप से नागरिकों को उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ये केंद्र केवल इलाज तक सीमित नहीं हैं। यहां प्रोमोटिव (स्वास्थ्य को बढ़ावा देने वाली) और प्रिवेंटिव (रोगों से बचाव) सेवाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार स्वास्थ्य को खर्च नहीं बल्कि एक निवेश मानती है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि जागरूकता और विश्वास के केंद्र भी हैं। केवल एक वर्ष में 370 केंद्रों की स्थापना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। जल्द ही हम 1100 से अधिक केंद्रों तक पहुंचने का लक्ष्य पूरा करेंगे।”
इन केंद्रों में लगभग 80 प्रकार की निःशुल्क जांचें, जरूरी दवाइयां, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं और कैंसर स्क्रीनिंग की सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बुजुर्गों की देखभाल और गैर-संचारी रोगों की जांच जैसी सेवाएं भी यहां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से लोगों को बड़े अस्पतालों में लंबी कतारों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
छतरपुर में 322 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 322 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में शामिल हैं:
सड़क निर्माण और नालियों का सुधार
ट्रैफिक जाम कम करने के लिए बुनियादी ढांचा सुधार
स्कूलों और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास
कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार
उन्होंने यह भी घोषणा की कि महरौली-बदरपुर रोड पर 1471 करोड़ रुपये की लागत से डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में तीन नए स्कूलों और चार एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कदम दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.