दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी पर मां ने लगाए गंभीर आरोप

HIGHLIGHTS
- विनय की मां ने कमरे से मारपीट और चीखने की आवाज सुनने का दावा किया।
- स्वजन के अनुसार, रेखा के पिता और भाई समेत अन्य लोग घर पहुंचे थे।
- विनय नोएडा की एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे।
पश्चिमी दिल्ली। निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या के मामले में उनके स्वजन ने पत्नी रेखा पर गंभीर और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं।
स्वजन का आरोप है कि जब विनय की मां हमलावरों से अपने बेटे की जान बचाने की गुहार लगा रही थीं, तब रेखा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया।
आरोप है कि विनय के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रेखा ने उनकी मदद नहीं की। वहीं, विनय की मौत की सूचना मिलने पर रेखा ने कहा, “सब ड्रामे कर रहे हैं, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। मुझे डराने के लिए झूठ बोला जा रहा है।”
विवाद के बाद रेखा ने पिता और भाइयों को बुलाया
स्वजन के अनुसार, शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा ने अपने पिता ज्ञान चंद, भाइयों राजकुमार और सोनू, एक भाई की पत्नी सहित दो अन्य लोगों को घर बुलाया। उस समय घर में विनय और उनकी मां मौजूद थीं।
विनय की मां ग्राउंड फ्लोर पर थीं। उनके मुताबिक, रेखा के पिता, भाई और अन्य लोग कार से घर पहुंचे और उनसे कोई बातचीत किए बिना सीधे पहली मंजिल पर स्थित विनय के कमरे में चले गए।
विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उनकी शादी रेखा से हुई थी। दोनों के करीब साढ़े चार माह के जुड़वां बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं।
कमरे से चीखने की आवाज सुनकर ऊपर पहुंचीं मां
कुछ देर बाद विनय की मां को कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उन्हें लगा कि विनय के साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद उन्होंने विनय की मदद के लिए आवाज सुनी और ऊपर कमरे में पहुंचीं।
स्वजन के अनुसार, कमरे में सभी लोग विनय को घेरे हुए थे और उसके साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि रेखा पास में खड़ी थी और उन्हें रोकने के बजाय कथित तौर पर उकसा रही थी।
विनय ने अपनी मां को देखकर कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि लोगों ने उसे पकड़ लिया।
मां को कमरे से बाहर करने का आरोप
स्वजन के मुताबिक, विनय की मां ने उसे बचाने का प्रयास किया तो रेखा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। वह लगातार लोगों से विनय को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को आवाज लगानी शुरू की।
पड़ोसियों के आने की आहट सुनकर सभी लोग वहां से भागने लगे। स्वजन के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपित उस कार को भी मौके पर छोड़ गए, जिससे वे वहां पहुंचे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, विनय की मौत की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.