6 करोड़ वोटर, 1899 उम्मीदवार! असम, केरलम और पुडुचेरी में आज मतदान

केरलम, असम और पुडुचेरी में कुछ ही घंटों में मतदान प्रक्रिया शुरू होने वाली है। असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित होंगे। असम में इस बार का मुकाबला हिमंत बिस्व सरमा और गौरव गोगोई के बीच है। केरल में मुख्य संघर्ष एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के बीच देखा जाएगा, जबकि पुडुचेरी में एनडीए और यूपीए के बीच कड़ी टक्कर है।
इन तीन क्षेत्रों में कुल 1899 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। असम में 722, केरल में 863 और पुडुचेरी में 294 उम्मीदवार अपने भाग्य आजमा रहे हैं।
असम की 126 सीटों पर मतदान
असम चुनाव इस बार काफी रोमांचक माना जा रहा है। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 2.50 करोड़ है, जिसमें पुरुष और महिला मतदाता लगभग बराबर हैं। बहुमत पाने के लिए 64 सीटें जरूरी हैं। पिछले दस साल से असम में बीजेपी की सरकार है। इस बार हिमंत बिस्व सरमा बीजेपी का मुख्य चेहरा हैं, जबकि गौरव गोगोई अपने पिता की राजनीतिक विरासत और कांग्रेस को सत्ता में वापसी दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद गौरव की लोकप्रियता खासकर महिला मतदाताओं में बढ़ी है। जलुकबारी, जोरहाट, शिवसागर, दिसपुर, धुबरी, नगांव, मरियानी, करीमगंज और गुवाहाटी सेंट्रल जैसी सीटें इस बार खास निगाह में हैं।
केरलम की 140 सीटों पर वोटिंग
केरल म में 2016 से पिनराई विजयन मुख्यमंत्री हैं और एलडीएफ सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। राज्य में कुल 2.7 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष और 1.39 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं, साथ ही 273 ट्रांसजेंडर वोटर भी हैं। बहुमत के लिए 71 सीटें जरूरी हैं। केरल में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच लंबे समय से मुकाबला रहा है, लेकिन इस बार बीजेपी भी तेजी से पकड़ बना रही है। राज्य के हॉट स्पॉट्स में नेमम, मंजेश्वरम, पलक्कड़, कोट्टारक्करा और त्रिशूर शामिल हैं। 30,495 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं, जहां मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।
पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदान
पुडुचेरी में कुल 9.44 लाख मतदाता हैं, जिनमें 4.43 लाख पुरुष और 5 लाख महिला मतदाता शामिल हैं, साथ ही 139 थर्ड-जेंडर वोटर भी हैं। बहुमत के लिए 16 सीटें जरूरी हैं। यहां कुल 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 44.2 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 16 सीटें जीती थीं, जबकि यूपीए के खाते में आठ सीटें गई थीं। मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने चौथी बार शपथ ली थी। सभी पोलिंग बूथ पर चुनाव कर्मियों की तैनाती हो चुकी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.