मुजफ्फरनगर में पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, SSP ने गाया देशभक्ति गीत

HIGHLIGHTS
- करीब 3 किलोमीटर का सफर तय कर खालापार थाने पर यात्रा का समापन हुआ।
- पुलिस अधिकारियों, जवानों, बच्चों और आम नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया।
- मालवीय चौक, शिव चौक और मीनाक्षी चौक समेत प्रमुख मार्गों से यात्रा गुजरी।
मुजफ्फरनगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को पुलिस की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू हुई यात्रा करीब 3 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद शाम 7 बजे खालापार थाने पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान पूरे रास्ते तिरंगे लहराते रहे। देशभक्ति गीतों के बीच शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व SSP संजय कुमार वर्मा ने किया। उनके साथ एसपी सिटी अमृत जैन, SP देहात महादिक अक्षय संजय, सभी CO, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों के अलावा बच्चों और आम नागरिकों ने भी यात्रा में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
SSP ने गाना गाकर बांधा समां
तिरंगा यात्रा के दौरान माहौल उस समय और खास हो गया, जब SSP संजय कुमार वर्मा ने खुद ‘ऐसा देश है मेरा’ गीत गाकर लोगों में जोश भर दिया। SSP को देशभक्ति गीत गाते देख यात्रा में शामिल पुलिस अधिकारी और जवान भी उत्साहित नजर आए।
डीजे पर ‘ये देश है वीर जवानों का’ समेत कई देशभक्ति गीत बजते रहे। इन गीतों पर पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ बच्चों और आम नागरिकों ने भी उत्साह दिखाया। कई स्थानों पर लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
3 किलोमीटर तक दिखा देशभक्ति का माहौल
रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मालवीय चौक, झांसी की रानी, शिव चौक, मीनाक्षी चौक और फक्कर शाह चौक से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से होकर खालापार पहुंची।
करीब 3 किलोमीटर के पूरे रास्ते में तिरंगे लहराते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति गीतों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा रहा।
यात्रा के दौरान बीच रास्ते और चौराहों पर सामाजिक संगठनों तथा व्यापारी संगठनों ने पुलिस की तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर यात्रा में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों पर पुष्पवर्षा भी की गई।
राष्ट्र निर्माण का संदेश देने निकली यात्रा
मीडिया से बातचीत में SSP संजय कुमार वर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्व और जिम्मेदारी को याद करने का अवसर भी है।
करीब दो घंटे तक चली तिरंगा यात्रा का समापन खालापार थाने पर हुआ। यात्रा में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थाना स्तर के अधिकारी और जवान शामिल रहे। स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा के जरिए शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.