अनुच्छेद 370 हटने के 7 साल पूरे, PM मोदी बोले- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख ने विकास का नया दौर देखा

HIGHLIGHTS
- अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटाए जाने के सात साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी।
- पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास और नए अवसर बढ़े हैं।
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने 5 अगस्त 2019 के फैसले को ऐतिहासिक बताया।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटाए जाने के सात साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस फैसले के बाद से दोनों क्षेत्रों में लोगों के जीवन में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज ही के दिन सात वर्ष पहले अनुच्छेद 370 और 35(ए) इतिहास बन गए थे। इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विकास यात्रा में एक निर्णायक नए अध्याय की शुरुआत हुई।"
उन्होंने कहा कि बीते सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर बढ़े हैं।
दशकों तक संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहे लोग हुए सशक्त: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "चाहे महिलाएं हों या वंचित समुदाय, जिन लोगों को दशकों तक अपने मूल संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया, उन्हें भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने के कारण सशक्त बनाया गया है।"
उन्होंने कहा कि इस बार 5 अगस्त का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका आजीवन समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। उन्होंने दशकों पहले जो सपना देखा था, वह 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ।"
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है कि हर नागरिक बड़े सपने देख सके, उन्हें पूरा कर सके और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अनुच्छेद 370 हटने के सात साल पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने लिखा, "मां भारती का मस्तक सदा ऊंचा रहे। 5 अगस्त, 2019 भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से अनुच्छेद 370 की समाप्ति के साथ 'एक विधान-एक निशान-एक प्रधान' के स्वप्न तथा 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को ऐतिहासिक सिद्धि मिली।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह फैसला डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस राष्ट्रनिष्ठ सपने की पूर्ति थी, जिसके लिए उन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्र को समर्पित कर दिया था।
उन्होंने कहा, "बीते सात वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने आतंकवाद से शांति, अलगाववाद से एकात्मता और अस्थिरता से विकास की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज यह प्रदेश नए भारत की आकांक्षाओं, प्रगति और समृद्धि का सशक्त प्रतीक बन चुका है।"
मुख्यमंत्री ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार और अभिनंदन व्यक्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.