चलती बस बनी आग का गोला, नंदयाल में बड़ा हादसा; 3 की मौत

आंध्र प्रदेश के नंदयाल जिले में देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने अफरातफरी मचा दी। नेल्लोर से हैदराबाद जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रही कंटेनर लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस में आग भड़क उठी। इस घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई यात्री झुलसकर और घायल हो गए।
यह हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस का दाहिना टायर अचानक फट गया, जिससे चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। असंतुलित बस पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रही कंटेनर लॉरी से भिड़ गई।
आग की लपटों में घिरी बस, यात्रियों में मचा हड़कंप
कंटेनर ट्रक में मोटरसाइकिलें लदी हुई थीं। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटें बस में फैल गईं। जान बचाने के लिए यात्रियों ने शीशे तोड़े और खिड़कियों से बाहर कूदकर निकलने की कोशिश की। कई लोग झुलस भी गए।
चालक समेत तीन की मौत
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस और कंटेनर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। हादसे में बस चालक, ट्रक चालक और एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
चार यात्रियों की हालत नाजुक
बस में कुल 36 यात्री सवार थे। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें नंदयाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह टायर फटना बताई जा रही है।
तीन महीनों में दूसरी घटना
गौरतलब है कि राज्य में बस में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में कुरनूल में एक बस में आग लगने से 20 यात्रियों की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यात्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.