राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, दो स्लीपर टूटे; ATS और IB ने शुरू की जांच

HIGHLIGHTS
- मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर हुआ जोरदार विस्फोट।
- धमाके से सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए।
- पटरी के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे मार्ग पर मंगलवार देर रात धमाके की घटना सामने आई। अनूपगढ़ कस्बे के नजदीक 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके के कारण पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए, जबकि रेलवे लाइन के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। विस्फोट की आवाज लगभग 200 मीटर दूर तक सुनाई दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। मौके पर पुलिस के अलावा इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), सीआईडी और एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीमें पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे यह धमाका हुआ था। खास बात यह है कि विस्फोट से लगभग 45 मिनट पहले ही इस रेलवे रूट से एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार सुबह 9 बजे तक इस लाइन पर संचालित होने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। घटनास्थल पर जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेन निकलने के करीब 45 मिनट बाद हुआ विस्फोट
रामसिंहपुर के सीआई राम प्रताप ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात लगभग 9 बजे 50 जीबी गांव के पास से निकली। इसके करीब 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका हो गया।
विस्फोट की आवाज सुनकर घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर स्थित ढाणी में रहने वाले ग्रामीण रेलवे लाइन की तरफ पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे।
धमाके से टूटे स्लीपर, पटरी के लॉक भी हुए क्षतिग्रस्त
रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक थी। इसकी वजह से पटरी के नीचे लगाए गए सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए। इसके साथ ही पटरियों को स्लीपर से जोड़ने वाले लॉक भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के बाद रेलवे लाइन के बीच लगभग दो फीट गहरा गड्ढा बन गया।
रेलवे विभाग की टीम रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम ने आसपास के क्षेत्र का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
IB, CID और ATS ने संभाली जांच की जिम्मेदारी
रेलवे ट्रैक पर धमाके की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं। रात करीब दो बजे आईबी और सीआईडी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद रात सवा दो बजे एटीएस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि विस्फोट कितना शक्तिशाली था और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे कौन जिम्मेदार है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र करेगी और उनकी जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियों को धमाके की वजह या इसमें शामिल लोगों के संबंध में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं मिला है। मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.