सरकारी स्कूल में बच्ची से मारपीट करने वाला छात्र एबनॉर्मल, मेंटल मैपिंग रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

HIGHLIGHTS
- चंडीगढ़ के जीएमएसएच-32 में आठ वर्षीय छात्र का मेंटल मैपिंग टेस्ट कराया गया।
- तीन डॉक्टरों के पैनल ने बच्चे की मानसिक स्थिति और व्यवहार का आकलन किया।
- रिपोर्ट में छात्र को इलाज की सख्त जरूरत बताई गई है।
पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची के साथ मारपीट करने और उस पर ईंट से हमला करने वाले आठ वर्षीय छात्र की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। चंडीगढ़ के जीएमएसएच सेक्टर-32 में कराए गए मेंटल मैपिंग टेस्ट की रिपोर्ट में बच्चे को एबनॉर्मल बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, छात्र को उपचार की सख्त आवश्यकता है।
बच्चे की मानसिक स्थिति से संबंधित यह रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस बुधवार को इसे जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) बोर्ड के समक्ष पेश करेगी। छात्र को भी बोर्ड के सामने लाया जाएगा। रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर बोर्ड यह निर्णय लेगा कि बच्चे को उसके माता-पिता के साथ घर भेजना उचित और सुरक्षित होगा या उसे जुवेनाइल होम में ही रखा जाए।
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया मानसिक और व्यवहार संबंधी परीक्षण
सोमवार को जीएमएसएच-32 में तीन डॉक्टरों के पैनल ने बच्चे का विस्तृत आकलन किया था। इस दौरान उसकी मानसिक स्थिति के साथ व्यवहार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। डॉक्टरों ने बच्चे की समझने की क्षमता, तर्क शक्ति, व्यवहार और मानसिक स्थिति का परीक्षण किया। इसके बाद तैयार की गई रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई।
दूसरी तरफ, पुलिस विभाग ने भी इस घटना की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। यह समिति मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। जांच टीम स्कूल प्रबंधन, बच्चे के माता-पिता, शिक्षकों और छात्र से संबंधित तथ्यों की विस्तार से जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
28 अक्टूबर को छह साल की बच्ची पर किया था हमला
यह घटना 28 अक्टूबर की है। सरकारी स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ने वाली छह वर्षीय बच्ची पर तीसरी कक्षा के एक छात्र ने ईंट से हमला कर दिया था। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया था।
घटना के बारे में दो दिन बाद यानी 30 अक्टूबर को जानकारी सामने आई थी। इसके अगले दिन 31 अक्टूबर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल, दो महिला शिक्षिकाओं और चौकीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.