सिरसा में जमीन विवाद में युवा कांग्रेस नेता की हत्या, पिता पर भी कुल्हाड़ी से हमला

HIGHLIGHTS
- हमले में लवप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि पिता नाजम सिंह घायल हुए।
- दोनों भाइयों के बीच 38 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
- गुरलाल करीब आठ महीने पहले लवप्रीत से अलग हो गया था।
सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार सुबह 38 एकड़ जमीन के विवाद में युवा कांग्रेस के हलकाध्यक्ष लवप्रीत सिंह पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में उनकी मौत हो गई, जबकि उनके पिता नाजम सिंह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में मृतक के सौतेले भाई गुरलाल सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। देर रात तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
दो भाइयों के बीच 38 एकड़ जमीन को लेकर था विवाद
जांच अधिकारी देवीलाल के अनुसार, कालांवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करा रहे नाजम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से उनका एक बेटा गुरलाल और एक बेटी है। वहीं, दूसरी पत्नी से लवप्रीत इकलौता बेटा था।
शिकायत के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच 38 एकड़ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरलाल करीब आठ महीने पहले लवप्रीत से अलग हो गया था। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।
नाजम सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने बेटे लवप्रीत के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरलाल अपने कुछ परिचितों के साथ वहां पहुंचा और दोनों पर कुल्हाड़ी तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद राहगीरों ने घायल पिता-पुत्र को कालांवाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में लवप्रीत ने तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। लवप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में घायल पिता नाजम सिंह का उपचार जारी है।
पहले ही जताया था जान का खतरा
लवप्रीत के साले हैप्पी सिंह ने बताया कि उनके जीजा ने करीब दो महीने पहले कालांवाली के डीएसपी और थाना प्रभारी को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने गुरलाल के लाइसेंसी हथियार को जमा करवाने की मांग की थी। साथ ही लवप्रीत ने अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई थी।
हैप्पी सिंह के अनुसार, लवप्रीत की शादी चार साल पहले हुई थी और उनका तीन साल का एक बेटा है। उनके दादा मीत सिंह गांव के तीन बार सरपंच रह चुके हैं।
पुलिस ने गुरलाल सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.