मुजफ्फरनगर में युवक ने कुत्ते को पटक-पटककर मारा, मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर: चरथावल कस्बे के मोहल्ला हलवाइयान में एक युवक द्वारा कुत्ते के साथ क्रूरता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने कुत्ते को पकड़कर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब सात बजे मोहल्ला निवासी पंकज पाल (33) अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तीन कुत्ते दौड़ते हुए वहां पहुंचे और आपस में झगड़ने लगे। आरोप है कि इसी बीच पंकज ने एक कुत्ते की पिछली टांगें पकड़ लीं और उसे जमीन पर पटक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने कुछ ही सेकंड में कुत्ते को कई बार जमीन पर पटक दिया।
घटना के बाद कुत्ता कुछ देर तक बेसुध हालत में जमीन पर पड़ा रहा। थोड़ी देर बाद वह उठने की कोशिश करता हुआ कराहने लगा और फिर गिर पड़ा। कुत्ते की हालत देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जबकि आरोपी वहां से निकल गया।
स्थानीय लोगों ने पशु प्रेमी सन्नी चोपड़ा को इसकी सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे और घायल कुत्ते को तुरंत पास के पशु चिकित्सालय लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही कुत्ते की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पंकज पाल के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। आरोपी पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.