आध्या ने इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे में जीता गोल्ड

मुजफ्फरनगर। जनपद की प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेबी आध्या ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से मुजफ्फरनगर और मेरठ दोनों जिलों का नाम रोशन हुआ है।
यह प्रतियोगिता धमिका केआई शीटो-आर.वाई.यू. इंटरनेशनल जो (कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन- K.I.O.) के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। अंडर-10 वर्ग में भाग लेते हुए आध्या ने बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल हासिल किया।

आध्या मेरठ स्थित मैक एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कराटे कोच सूरजमल और नरेंद्र जी को दिया। आध्या ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की बदौलत ही वह लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पा रही हैं।
कराटे प्रतियोगिताओं में यह आध्या की लगातार चौथी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले वह जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक, नई दिल्ली में स्वर्ण पदक और लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
आध्या मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी विकासखंड के तेजलहेड़ा गांव के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं। वह स्वर्गीय बाबू बिशंभर सिंह की पौत्री, राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय सचिव रमाना नागर की धेवती तथा मुजफ्फरनगर स्थित संतोष हॉस्पिटल (पुराना सिंघल नर्सिंग होम) के एमडी आदित्य की पुत्री हैं।
आध्या की इस उपलब्धि पर उनके कोचों और परिवार के सदस्यों ने खुशी जताई। रमाना नागर ने कहा कि आध्या भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने आध्या को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए भी सफलता की कामना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.