चमियाना में बच्चों के लिए स्थापित होगा एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर: सुक्खू

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में राज्य स्तरीय सघन पल्स पोलियो अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक भी पिलाई और अभियान के सफल आयोजन में चिकित्सकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, पंचायती राज संस्थाओं, स्कूल शिक्षकों और प्रशासन की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर मेडिकल कॉलेज तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपरस्पेशलिटी आयुर्विज्ञान, चमियाना में एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर खोला जाएगा, जिसमें बच्चों के इलाज के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपीडी पर विशेष स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे, ताकि उन्हें इंतजार न करना पड़े।
सुक्खू ने बताया कि सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पोलियो-मुक्त दर्जे को बनाए रखना है। इस अभियान के तहत 5,793 पोलियो बूथों पर जीरो से पांच वर्ष आयु वर्ग के लगभग छह लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए 11,706 टीकाकरण टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि 22 और 23 दिसंबर को मॉप-अप दिवस के दौरान घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों, प्रवासी परिवारों और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। अभियान के लिए आवश्यक टीकें, कोल्ड-चेन उपकरण और अन्य सामग्री पहले ही सभी जिलों को उपलब्ध करवा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और अधिकारियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चमियाना अस्पताल और कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा, मेडिकल कॉलेज से लेकर सिविल अस्पताल तक पुरानी मशीनों को बदला जा रहा है और एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों के लिए तीन हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एम्ज दिल्ली की तर्ज पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं और आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा, सचिव संदीप कदम, प्रबंध निदेशक एनएचएम प्रदीप ठाकुर, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. गोपाल बेरी, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.