आगरा में बड़ा हादसा टला, जलती कार का शीशा तोड़कर SI ने 3 युवकों को बाहर निकाला

HIGHLIGHTS
- तीनों घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया
- उपचार के बाद तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई
- फायर ब्रिगेड ने कार की आग बुझाई
आगरा के कुबेरपुर में रविवार देर रात करीब 12:50 बजे एनएच-19 पर भागूपुर पुल के ऊपर ओवरटेक करने की कोशिश में एक क्विड कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार के पलटते ही उसमें आग लग गई। हादसे के वक्त कार में तीन युवक सवार थे। मौके पर गश्त कर रहे थाना एत्मादपुर के उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री ने अपनी जान की परवाह किए बिना कार का शीशा तोड़कर तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया। इससे तीनों की जान बच गई।
फिरोजाबाद के कोटला निवासी जतिन (20) पुत्र परविंदर कुशवाह, पवन (20) पुत्र सुनील और रुद्र (22) पुत्र मनीष पचौरी कार में सवार थे। कार रुद्र चला रहा था। बताया गया है कि फिरोजाबाद से आगरा जाते समय भागूपुर पुल पर ओवरटेक करने के दौरान कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई।
फरिश्ता बनकर पहुंचे एसआई अवनीश
घटना के समय उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री हमराह आरक्षी के साथ कांवड़ ड्यूटी में गश्त कर रहे थे। जलती हुई कार देखकर वह तुरंत मौके पर पहुंचे। कार के अंदर से चीख-पुकार सुनाई देने पर उन्होंने बिना समय गंवाए शीशा तोड़ा और काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तीनों घायलों को थाना मोबाइल से तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उपचार के बाद तीनों की हालत खतरे से बाहर है। फायर ब्रिगेड ने कार में लगी आग बुझाई। जले हुए वाहन को हाईवे से हटवाने के बाद यातायात सुचारू हो गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.