बगरू स्कूल निरीक्षण विवाद: महिला CJP कार्यकर्ता ने सुनाई आपबीती, बोली- ‘मोबाइल छीना और पीठ पर मारा मुक्का’
By Hitesh — August 22, 2026

HIGHLIGHTS
- महिला कार्यकर्ता के मुताबिक, गांव पहुंचने से पहले ही कुछ लोग समूह बनाकर मौजूद थे।
- रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई।
- गाड़ियों के शीशे तोड़ने और लाठियों से हमला करने का दावा किया गया।
Author: — Dainik Dehat
बगरू विधानसभा क्षेत्र में स्कूल निरीक्षण के दौरान CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद महिला कार्यकर्ता रेखा शर्मा ने घटना को लेकर अपनी आपबीती बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम को पहले से घेरने की तैयारी की गई थी, गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और उनके साथ भी मारपीट की गई। रेखा ने ग्रामीणों को भड़काने और हमले के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों के होने का भी आरोप लगाया।
बगरू विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में स्कूल निरीक्षण के दौरान CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हुआ विवाद अब बढ़ता जा रहा है। घटना के समय मौके पर मौजूद महिला कार्यकर्ता रेखा शर्मा ने अमर उजाला से बातचीत में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। रेखा शर्मा के अनुसार, उनकी टीम के गांव पहुंचने से पहले ही कुछ लोग एक जगह जुटे हुए थे और उन्हें अंदर नहीं जाने देने की तैयारी कर रहे थे। उनके पास लाठियां और फसल काटने में इस्तेमाल होने वाले हथियार भी थे।
गांव पहुंचते ही टीम को घेरा, बातचीत के बाद बढ़ा विवाद
रेखा शर्मा ने बताया कि टीम के गांव पहुंचते ही लोगों ने उन्हें घेर लिया। शुरुआत में बातचीत हुई, लेकिन कुछ समय बाद मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और उन पर लाठियों से हमला किया गया।
‘इस लड़की को पीटने के लिए महिलाओं को बुलाओ’
रेखा ने बताया कि जब कुछ लोग आशुतोष रांका के साथ मारपीट कर रहे थे, उसी दौरान वहां मौजूद मीडियाकर्मी भी उनकी ओर चले गए। रेखा के मुताबिक, वह उस समय अकेली रह गईं। उनका आरोप है कि करीब पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और पुरुष आपस में कहने लगे कि ‘इस लड़की को पीटने के लिए महिलाओं को बुलाओ।’
‘पाकिस्तानी’ कहकर धक्का देने का आरोप
रेखा के अनुसार, इसके बाद दो महिलाएं वहां पहुंचीं। इनमें एक बुजुर्ग महिला थी, जबकि दूसरी महिला ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। रेखा शर्मा का आरोप है कि बुजुर्ग महिला उन्हें लगातार ‘पाकिस्तानी’ कह रही थी और धक्का दे रही थी। उन्होंने बताया कि उन्हें धक्का देकर वहां से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनकी पीठ पर जोरदार मुक्का मारा, जिससे उनके कंधे में अब भी दर्द है। रेखा के मुताबिक, जब उन्होंने मुक्का मारने वाले व्यक्ति की ओर पलटकर देखा तो उनके चेहरे पर मिट्टी फेंक दी गई।
वीडियो बनाने की कोशिश में मोबाइल छीनकर जमीन पर पटका
महिला कार्यकर्ता ने बताया कि गांव पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि कई लोग मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहे थे। उन्होंने भी अपने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू करने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी स्क्रीन टूट गई।
‘स्कूल तोड़ने आए हैं’, ऐसी बात फैलाने का आरोप
रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति उन्हें और उनकी टीम को गांव में प्रवेश नहीं करने देने की बात कह रहा था। उनके मुताबिक, ग्रामीणों के बीच यह बात फैलाई गई कि CJP कार्यकर्ता स्कूल तोड़ने के लिए आए हैं और गांव में अराजकता फैलाना चाहते हैं।
एक साल बाद भी स्कूल की स्थिति में सुधार नहीं
रेखा ने बताया कि उनकी टीम करीब एक साल पहले भी इसी स्कूल का निरीक्षण कर चुकी थी। उस समय स्कूल की हालत बेहद खराब थी। उन्होंने दावा किया कि स्कूल भैंसों के तबेले जैसी स्थिति में संचालित हो रहा था। एक साल बाद जब टीम दोबारा स्कूल की स्थिति देखने पहुंची तो उन्हें हालात में कोई खास सुधार दिखाई नहीं दिया।
‘हमला करने वाले सामान्य ग्रामीण नहीं थे’
रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को जानबूझकर यह कहकर भड़काया गया कि CJP कार्यकर्ता स्कूल तोड़ने आए हैं, जबकि उनका उद्देश्य स्कूल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना था। उन्होंने दावा किया कि मारपीट करने वाले सामान्य ग्रामीण नहीं थे, बल्कि भाजपा से जुड़े लोग थे और उन्हें ‘बीजेपी के गुंडे’ बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.