योगी के ‘P से पाकिस्तान’ वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- एकरंगी लोग पीडीए के बहुरंग क्या जानें

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया दी।
- सपा प्रमुख ने कहा कि ‘पी’ की परिभाषा बदली जा रही है।
- अखिलेश ने PDA का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन बताया।
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए में ‘पी’ को पाकिस्तान से जोड़ने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि एकरंगी लोग पीडीए के बहुरंग क्या जानें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं, इसलिए ‘पी’ की परिभाषा बदल रहे हैं। जितनी उनकी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए मजबूत होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का असली मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग को अपना अधिकार समझने का आरोप लगाया।
भ्रष्टाचार और बजट की लूट का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की लूट भाजपा का मुख्य एजेंडा है। उन्होंने पीडीए समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सरकार ने चढ़ावा चोरी में शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के षड्यंत्र को विफल करने की ताकत केवल समाजवादी पार्टी के पास है।
पढ़िए योगी आदित्यनाथ का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि समाजवादी पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए का ‘पी’ एक दिन पाकिस्तान कर देगी। उन्होंने सपा को गिद्ध बताते हुए कहा था कि पार्टी के बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.