मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा खुलासा, 24 महिलाएं 29 किलो सोने के साथ गिरफ्तार

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़े सोना तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए 24 विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हाल के वर्षों में हवाई अड्डे पर की गई सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि केन्या के नैरोबी से कुछ महिलाएं भारी मात्रा में सोना छिपाकर मुंबई पहुंचने वाली हैं। सूचना के आधार पर एजेंसियों ने निगरानी बढ़ाई और जैसे ही संदिग्ध यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे, सभी 24 महिलाओं को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को उनके बैग और कपड़ों में छिपाया गया सोना मिला। इसमें 25.10 किलोग्राम सोने की ईंटें और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण शामिल थे। कुल मिलाकर 29.37 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 37.74 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई डीआरआई की मुंबई जोनल यूनिट द्वारा बुधवार को ‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ के तहत की गई। उल्लेखनीय है कि ‘धाहाबू’ शब्द स्वाहिली भाषा में सोने के लिए इस्तेमाल होता है। अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन एयरपोर्ट पर इस वर्ष की सबसे बड़ी सोना बरामदगी में से एक है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार महिलाओं को सोना छिपाने और सुरक्षा जांच से बचने के तरीके पहले से सिखाए गए थे, जिससे एक संगठित तस्करी गिरोह की संलिप्तता की आशंका और मजबूत हो गई है। फिलहाल एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच में जुटी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.