इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश

HIGHLIGHTS
- इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट होने की खबर है।
- मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।
- अभिनेता के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी किया है। अभिनेता ने हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था। अब पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है।
किस आरोप में हुई कार्रवाई?
मुंबई पुलिस ने इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। अभिनेता के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आरोप है कि भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
खबरों के मुताबिक, इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है। जानकारी के अनुसार, उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
अभिनेता ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में भाग लिया था। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान शनिवार को मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने उठाए सवाल
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में वह पुलिस वैन के अंदर बैठे नजर आए। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं'।
मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेता ने कहा कि वह मुंबई के एक नागरिक के तौर पर प्रदर्शन में शामिल हुए थे और उनकी कोई विशेष मांग नहीं थी।
इमरान खान ने कहा, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर हूं। एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर, जो इसी शहर में रहता है। मैं यह जानने आया हूं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? बस इसीलिए मैं यहां हूं।'
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी लगाए थे आरोप
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता किरीट सोमैया ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर अभिनेता इमरान खान की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें देश से बाहर निकालने की मांग की थी।
सोमैया ने आरोप लगाया था कि इमरान खान ने 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) के नियमों और वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया है।
उन्होंने कहा था कि अभिनेता के भाषणों और उनकी पिछली टिप्पणियों से जुड़े सबूत पुलिस को सौंपे गए हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की थी।
किरीट सोमैया का आरोप है कि इमरान खान ने एक 'गैर-कानूनी राजनीतिक आंदोलन' में हिस्सा लेकर अपने OCI दर्जे का दुरुपयोग किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.