बिजनौर: लिव-इन पार्टनर की उसी के तमंचे से गोली मारकर हत्या, महिला गिरफ्तार

बिजनौर में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है, जहां एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर की उसी के तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का कहना है कि युवक उसे लगातार प्रताड़ित करता था और उसकी 9 साल की बेटी पर भी गलत नजर रखता था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
जंगल में मिला था युवक का शव
यह मामला नगीना देहात थाना क्षेत्र के जुलाहापुर गांव के जंगल का है, जहां 28 अप्रैल को 25 वर्षीय अनुज पुत्र विनय का शव मिला था। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने शोभा और उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लिव-इन में रह रहे थे दोनों
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला शोभा ने बताया कि उसकी शादी 2011 में किरतपुर क्षेत्र के भनेड़ा गांव निवासी सत्येंद्र से हुई थी और उसकी एक 9 साल की बेटी है। पति से अलग होने के बाद वह 2023 से अकेली रह रही थी। इसी दौरान 2024 में उसकी मुलाकात अनुज से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
प्रताड़ना और धमकियों से परेशान थी महिला
महिला ने पुलिस को बताया कि अनुज उसके साथ मारपीट करता था और उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देता था। इसके अलावा वह उसकी नाबालिग बेटी पर भी गलत नजर रखता था, जिससे वह काफी परेशान थी।
जंगल में की गई वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन अनुज बाइक से शोभा को गांव की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान जंगल में पहुंचने पर महिला ने मौका देखकर उसी का तमंचा छीन लिया और गोली चला दी, जिससे अनुज की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी महिला गिरफ्तार
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला शोभा को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.