मुजफ्फरनगर में सपा कार्यकर्ताओं को रोकने का आरोप, जिलाध्यक्ष बोले- हर हाल में दिल्ली जाएंगे

HIGHLIGHTS
- सपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ता पिछले दो-तीन दिनों से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं।
- शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम की जानकारी ली।
- कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घरों पर पुलिस पहुंचने की सूचना जिलाध्यक्ष को दी।
मुजफ्फरनगर में दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA महागठबंधन की रैली से पहले समाजवादी पार्टी और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।
सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने शनिवार देर शाम करीब 8 बजे आरोप लगाया कि रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस उनके घरों पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की रोक-टोक के बावजूद कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे और एक नवंबर को बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचेंगे।
जिया चौधरी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों से पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली जाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस पार्टी कार्यालय पहुंची थी और कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली थी। इस पर उन्होंने पुलिस को बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे।
सपा जिलाध्यक्ष के अनुसार, इसके बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घरों पर पुलिस पहुंची हुई है। इस मामले में उन्होंने एसएसपी से भी बात की। जिया चौधरी ने बताया कि एसएसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि किसी को नहीं रोका जा रहा है। जिन लोगों के घरों पर पुलिस मौजूद है, वहां से उसे हटा लिया जाएगा।
बोले- शांतिपूर्वक और कानून के दायरे में जाएंगे दिल्ली
जिया चौधरी ने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली के लिए विधिवत अनुमति ली गई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से और कानून के दायरे में रहकर दिल्ली जाएगी।
उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपनी तैयारियां जारी रखने की अपील की। साथ ही कहा कि सभी लोग बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचकर अखिलेश यादव का झंडा बुलंद करेंगे।
भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना
सपा जिलाध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी या विपक्षी दल लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हैं या प्रदर्शन करते हैं, तो उनके नेताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने सवाल किया कि पुलिस किस आदेश या आधार पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक रही है। जिया चौधरी ने दोहराया कि रैली की अनुमति है और पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक दिल्ली जाएंगे।
उन्होंने यह भी अपील की कि यदि किसी कार्यकर्ता के घर पुलिस पहुंची है या किसी को हिरासत में लिया गया है, तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए।
जिया चौधरी के मुताबिक, सांसद, विधायक और वह खुद लगातार एसएसपी से बातचीत कर रहे हैं। सरकार के इस रवैये के पीछे की वजह पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “सरकार के जाने का समय आ गया है, इसलिए डर है।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.