सीएम हेल्पलाइन 1076 कर्मचारियों का वेतन विवाद सुलझा, 3-4 हजार तक बढ़ोतरी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप के बाद सीएम हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों का वेतन और कार्य परिस्थितियों का विवाद सुलझ गया। कंपनी ने कर्मचारियों की मांग मानते हुए वेतन में 3 से 4 हजार रुपये तक बढ़ोतरी और कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार करने का निर्णय लिया। इसके बाद कर्मचारी दोबारा ड्यूटी पर लौट आए हैं।
हेल्पलाइन कर्मचारियों की संख्या और शिफ्ट
सीएम हेल्पलाइन 1076 में एजेंसी के तहत कुल 1020 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें से सुबह और दोपहर की शिफ्ट में 500-500 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि रात की शिफ्ट में 20 कर्मचारी काम करते हैं। इसके अलावा 200 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
कर्मचारियों का औसत CTC 15,000 रुपये है, जबकि कंपनी ने टेंडर में प्रति कर्मचारी 18,600 रुपये का प्रस्ताव रखा था, जिसमें संचालन और उपकरणों का खर्च शामिल है।
कर्मचारियों की शिकायतें
गुरुवार को वी-विन प्राइवेट लिमिटेड के तहत 200 से अधिक कर्मचारियों ने वेतन और कार्य परिस्थितियों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप था कि भर्ती के समय उन्हें 15,000 रुपये वेतन का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें कम वेतन मिल रहा था। इसके अलावा वेतन समय पर नहीं मिलता था और ड्यूटी के दौरान मोबाइल बाहर रखवाने के कारण परिवार से संपर्क नहीं हो पाता था।
कंपनी को कारण बताओ नोटिस
उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीडेस्को) की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कंपनी और यूपीडेस्को के बीच समीक्षा और बातचीत के बाद वेतन वृद्धि और कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार पर सहमति बनी। नेहा जैन ने बताया कि कर्मचारियों के बैंक खातों में एक-दो दिन में वेतन वृद्धि सहित भुगतान किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.