धर्मशाला जेल में कैदियों और स्टाफ के बीच खूनी झड़प, 8 घायल; दोनों पक्षों पर FIR
By Hitesh — August 16, 2026

HIGHLIGHTS
- जेल के चार सुरक्षा कर्मचारियों को भी चोटें आईं।
- कांच की खिड़की टूटने के बाद उसके टुकड़ों से भी वार किए गए।
- घायल कैदियों का धर्मशाला के जोनल अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
Author: — Dainik Dehat
धर्मशाला। लाला लाजपतराय जिला मुक्त एवं सुधार गृह कांगड़ा धर्मशाला में रविवार दोपहर कैदियों और जेल स्टाफ के बीच हुई बहस के बाद मामला खूनी झड़प में बदल गया। अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी में चार कैदी और जेल के चार सुरक्षा कर्मचारी घायल हो गए।
घायल जेल कर्मचारियों की पहचान हेड कांस्टेबल राकेश वर्मा, सूरज, अजीत और शिवराम के रूप में हुई है। सभी को उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा भेजा गया है। धर्मशाला पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कहासुनी के बाद मारपीट
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे कैदियों को अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने की मांग को लेकर जेल प्रबंधन के साथ बातचीत चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
बताया गया है कि झड़प के दौरान कांच की खिड़की भी तोड़ दी गई। इसके बाद कांच के टुकड़ों से एक-दूसरे पर वार किए गए। घटना में कैदियों और जेल कर्मचारियों समेत कई लोगों को चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही धर्मशाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल कैदियों का जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार और मेडिकल कराया गया। वहीं, घायल जेल कर्मचारियों को इलाज के लिए टांडा अस्पताल भेजा गया।
दो महीने पहले कैदी की हुई थी मौत
करीब दो महीने पहले इसी जेल में एक कैदी की मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक कैदी के परिजनों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इस मामले की जांच न्यायाधीश कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.