रायबरेली पहुंचे सीएम योगी, अरबों की विकास परियोजनाओं की दी सौगात; राहुल गांधी पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे।
- राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया।
- ऑडिटोरियम के निर्माण पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत आई है।
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे। उन्होंने जिले को अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसभा के जरिए सियासी संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री सुबह करीब 10.30 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। इसके बाद अमोल विहार पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया। साथ ही उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया और स्मारिका का विमोचन किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि आज का दिन रायबरेली जिले के लिए ऐतिहासिक है।
इसके बाद वह फिरोज गांधी कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने पहले विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
राहुल गांधी से देश कोई अपेक्षा नहीं करता
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई अस्तित्व नहीं होता। आज कुछ लोगों ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी जुबानी हमला बोला।
सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी से देश कोई अपेक्षा नहीं करता। नेता प्रतिपक्ष होने के नाते वह जवाबदेह हैं। राहुल गांधी भारत की विरासत को कोसते हैं, यूपी के बाहर जाकर यूपी को बदनाम करते हैं और देश के बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश विरोधी तत्वों को प्रोत्साहित करते हैं।
सीएम ने आगे कहा कि जब भारत की सेना सीमा पर दुश्मनों से लड़ती है तो आप उससे जवाब मांगते हैं। अयोध्या में श्रीराम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी सवाल खड़े करती है। 1975 में देश ने आपकी पार्टी की काली छाया को देखा है।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर अभी एक बेटी ने पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बाद में उस बेटी और उसके माता-पिता ने स्वीकार किया कि उनकी बेटी ने गलत बोला था। उन्होंने सवाल किया कि आप अर्बन नक्सलियों के हाथों देश को क्यों बेचना चाहते हैं।
कांग्रेस ने देश को लूटा
सीएम योगी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली इस परिवार को ढोते तो रहे, लेकिन इन्होंने इन जिलों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया। यहां सब कुछ एक ही परिवार के नाम पर कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि 1925 में काकोरी से ब्रिटिशर्स द्वारा ले जाया जा रहा खजाना क्रांतिकारियों ने अपने कब्जे में लिया था। कांग्रेस ने उसे काकोरी ट्रेन लूट घटना का नाम दिया। उन्होंने कहा कि लूटा तो आपने है देश को। देश को लूटकर उस धन को ठिकाने लगाने का काम आपने किया।
सीएम ने कहा कि आपने भारत नहीं बनाया है, लेकिन भारत का विभाजन जरूर कराया। भारत के विभाजन और यहां के लोगों के कत्लेआम कराने का दोषी आपका परिवार है।
उन्होंने वीर सावरकर का जिक्र करते हुए कहा कि 28 साल की उम्र में उन्हें दोहरे आजन्म कारावास की सजा हुई। दोनों भाई एक ही सेल्युलर जेल में बंद रहे और 10 साल तक एक-दूसरे का चेहरा तक नहीं देखा।
सीएम योगी ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने पोर्टब्लेयर के एयरपोर्ट का नाम वीर सावरकर के नाम पर किया था, तब कांग्रेस ने उनका नाम हटा दिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.