हर्ष गुजराल के किस्से पर ठहाके लगाने लगे सीएम योगी, कॉमेडियन ने शेयर किया वीडियो

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में उन्हें 'क्रिएटर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
- मंच पर बातचीत के दौरान हर्ष ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ की।
- कॉमेडियन ने लखनऊ के अपने पुराने दौरे से जुड़ा एक अनुभव साझा किया।
स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने 27 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्हें 'क्रिएटर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान हर्ष ने मुख्यमंत्री को एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर योगी आदित्यनाथ अपनी हंसी नहीं रोक पाए। हर्ष ने एक ऐसे व्यक्ति की कहानी साझा की, जो पहले अपराधी था और बाद में केले बेचने लगा। कॉमेडियन ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया।
हर्ष ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ
वीडियो में हर्ष गुजराल मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान हर्ष ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी का बोझ योगी आदित्यनाथ के कंधों पर होगा। उनकी यह बात सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुराने लगे।
केले बेचने वाले की कहानी सुनकर हंस पड़े सीएम योगी
इसके बाद हर्ष ने लखनऊ के अपने एक पुराने दौरे का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह एक बार कॉमेडी शो के लिए लखनऊ आए थे। शहर में घूमने के दौरान उनकी मुलाकात केले बेचने वाले एक व्यक्ति से हुई। हर्ष ने उससे पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में अब भी अपराध होते हैं?
इस पर उस व्यक्ति ने जवाब दिया कि प्रदेश में अपराध पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह कैसे पता, तो केले बेचने वाले ने बताया कि वह पहले खुद अपराधी था, लेकिन अब केले बेचता है।
उसका जवाब सुनकर हर्ष गुजराल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जोर-जोर से हंसने लगे। वहां मौजूद अन्य लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
हर्ष ने बताया मुख्यमंत्री के साथ हंसी-मजाक का अनुभव खास
हर्ष गुजराल ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह 'क्रिएटर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हंसी-मजाक का पल साझा करना उनके लिए खास अनुभव रहा।
सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने हर्ष गुजराल के अंदाज और उनके मजाकिया किस्से को पसंद किया। कई यूजर्स ने इस बातचीत को मनोरंजक और यादगार पल बताया।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.