गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने किया कन्या पूजन, बच्चियों के पांव पखारकर लिया आशीर्वाद

HIGHLIGHTS
- महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में CM योगी आदित्यनाथ ने किया कन्या पूजन।
- मुख्यमंत्री ने नौ कन्याओं के पांव पखारकर विधि-विधान से पूजा की।
- कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई और उपहार व दक्षिणा भेंट की।
शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के चरण धोकर विधि-विधान से पूजा की और आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, दक्षिणा और उपहार भेंट किए तथा उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन भी कराया।
गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल पर बने भोजन कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कन्या पूजन का अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने पीतल के परात में जल लेकर बारी-बारी से नौ कन्याओं के पांव पखारे। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत से तिलक लगाया। उन्होंने पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से भी पूजन किया। इसके बाद कन्याओं को माला पहनाई, चुनरी ओढ़ाई और उपहार व दक्षिणा प्रदान की।
कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से कराया भोजन
पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत भी की। मुख्यमंत्री इस बात का ध्यान रखते रहे कि किसी भी बच्चे की थाली में प्रसाद की कमी न हो। इसके लिए उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को जरूरी निर्देश भी दिए।
नौ कन्याओं के अलावा मंदिर में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन किया और आरती उतारी। अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ ही भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराने के बाद उपहार और दक्षिणा दी गई।
कन्याओं और बटुकों में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्नेह और आशीर्वाद पाने के लिए नन्हीं बालिकाओं और बटुकों में उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर कन्याओं और बटुक भैरव का पूजन किया। दक्षिणा और उपहार पाकर बालिकाएं प्रसन्न दिखाई दीं। भोजन परोसने के दौरान भी मुख्यमंत्री बच्चों से बातचीत करते रहे और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा।
मुख्यमंत्री ने मां सिद्धिदात्री की भी की आराधना
कन्या पूजन से पहले सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास समेत कई साधु-संत मौजूद रहे।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.