उत्तर भारत में ठंड का असर, कश्मीर में पारा माइनस 5 डिग्री तक गिरा

बारिश के बाद उत्तर भारत अब ठंड की चपेट में है। कश्मीर घाटी में कई जगह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया, वहीं पंजाब में भी कुछ इलाकों में पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
श्रीनगर में रविवार की रात इस सर्दियों की सबसे ठंडी रात रही, जब तापमान शून्य से 3.2 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। शोपियां में पारा माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, पुलवामा में शून्य से पांच डिग्री नीचे, अनंतनाग में माइनस चार और गुलमर्ग में माइनस 1.9 डिग्री रहा। कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाले जोजिला पास में तापमान शून्य से 16 डिग्री नीचे पहुंच गया।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान नारनौल रहा, जहां पारा 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ और बठिंडा में भी न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा।
पश्चिम बंगाल में अगले दो दिन तापमान में दो डिग्री और गिरावट की संभावना है। सोमवार को दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद तापमान में थोड़ी वृद्धि की संभावना है, जबकि अगले सात दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
वहीं, दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश का असर बना हुआ है। पुडुचेरी और कराइकल में सोमवार को भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े। तमिलनाडु के तटीय जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि मौसम विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। केरल के सात जिलों में भी यलो अलर्ट के बीच बारिश हुई और तेज हवाओं तथा बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.