यूपी में शीतलहर का कहर: अयोध्या-आजमगढ़ सबसे ठंडे, 32 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। सर्द पछुआ हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है, वहीं कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अधिकांश इलाकों में दोपहर तक धूप नहीं निकली और पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। जिन क्षेत्रों में थोड़ी देर के लिए धूप दिखी, वहां भी सर्दी से राहत नहीं मिली।
बुधवार को अयोध्या और आजमगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ये जिले प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए तराई और दक्षिणी यूपी के 24 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 32 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 9 से 11 जनवरी के बीच प्रदेश को ठंड और कोहरे से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं और कोहरे की तीव्रता भी कम होगी। हालांकि 12 जनवरी से एक बार फिर मौसम में बदलाव आ सकता है और तापमान गिरने की संभावना है।
इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन, हमीरपुर और झांसी सहित आसपास के क्षेत्र।
इन इलाकों में शीत दिवस की आशंका
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, मुरादाबाद और रामपुर सहित आसपास के जिले।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.