सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमला, एक भारतीय की मौत और दो घायल

HIGHLIGHTS
- सऊदी अधिकारियों ने गुरुवार को हमले में हताहत हुए लोगों की जानकारी साझा की।
- मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी शामिल हैं।
- घायल आठ लोगों में यमन, बांग्लादेश और नेपाल के नागरिक भी हैं।
रियाद। सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। वहीं, इस घटना में दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सऊदी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय नागरिक था। इसके अलावा, दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।
प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहा भारतीय दूतावास
दूतावास ने कहा कि घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है और प्रभावित परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। दूतावास ने मृतकों के परिजनों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
सऊदी अधिकारियों ने क्या बताया?
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि बुधवार शाम हवाई अड्डे पर हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी शामिल हैं।
अथॉरिटी के मुताबिक, घटना में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें एक सऊदी नागरिक, दो भारतीय, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।
बयान में कहा गया कि घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं। उनका अलग-अलग अस्पतालों में आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने बताया कि नुकसान का आकलन करने और यात्रियों व हवाई अड्डे के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
हवाई अड्डे पर परिचालन फिर शुरू, यातायात सामान्य
अधिकारियों ने पुष्टि की कि हमले के बाद हवाई अड्डे का कामकाज दोबारा शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो चुका है। यह घटना बुधवार, 21 अक्टूबर की शाम दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई थी।
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच और नुकसान का आकलन जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हवाई अड्डे का संचालन सुचारु रखने और वहां काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
इससे पहले, अमेरिकी विदेश विभाग ने फारस की खाड़ी में बड़े पैमाने पर कर्मियों को वापस बुलाए जाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया था। विभाग ने स्पष्ट किया कि गैर-आपातकालीन कर्मचारियों और उनके परिवारों को वापस बुलाने का आदेश केवल सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी राजनयिक केंद्रों पर लागू होता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.