IAF स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की जमीन वापस लेने पर कांग्रेस नाराज, मोदी सरकार को घेरा

HIGHLIGHTS
- वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने 26 अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
- बैठक में रेसकोर्स एयर फोर्स स्टेशन की जमीन पर वायुसेना का नियंत्रण बनाए रखने की मांग की गई थी।
- स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गोल्फ कोर्स, स्विमिंग पूल और अन्य सुविधाएं मौजूद थीं।
दिल्ली में भारतीय वायुसेना (IAF) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की जमीन वापस लेने के केंद्र सरकार के प्रयास पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने मंगलवार को मोदी सरकार के इस कदम को 'बेहद शर्मनाक' करार देते हुए कहा कि यह पूरे वायुसेना परिवार के प्रति अपमानजनक रवैया है।
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट साझा की। रिपोर्ट के अनुसार, 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने से कुछ दिन पहले, 26 अक्टूबर को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
जयराम रमेश ने क्या कहा?
इस मुलाकात के दौरान वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित रेसकोर्स एयर फोर्स स्टेशन की महत्वपूर्ण जमीन पर भारतीय वायुसेना का नियंत्रण बनाए रखने की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने सैन्य जरूरतों और वहां उपलब्ध सुविधाओं का हवाला दिया था।
जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में कहा, "आईएएफ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लंबा इतिहास रहा है। दशकों से इसने कई सार्वजनिक उद्देश्यों की पूर्ति की है और यह भारतीय वायुसेना के सामाजिक बुनियादी ढांचे का भी अभिन्न हिस्सा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मोदी सरकार की कार्रवाई बेहद शर्मनाक है और पूरे आईएएफ परिवार के प्रति पूरी तरह अनादर दिखाती है।"
पिछले बुधवार को बंद किया गया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग के पास स्थित रेसकोर्स एयर फोर्स स्टेशन के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गोल्फ कोर्स, स्विमिंग पूल समेत कई अन्य सुविधाएं थीं। इसे पिछले बुधवार को बंद कर दिया गया।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अधीन भूमि एवं विकास कार्यालय ने कॉम्प्लेक्स के प्रबंधन को बेदखली का नोटिस जारी किया था। इसमें प्रधानमंत्री आवास के पास मौजूद जमीन खाली कर उसे वापस सौंपने को कहा गया था।
केंद्र सरकार का यह कदम इलाके की महत्वपूर्ण जमीनों को वापस लेने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पिछले कई हफ्तों से सरकार भूमि एवं विकास कार्यालय के माध्यम से लोक कल्याण मार्ग के आसपास की प्रमुख जमीनों की समीक्षा कर रही है। इसका मकसद रक्षा से जुड़ी गोल्फ और खेल सुविधाओं के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन को वापस लेना है।
अब तक किन जमीनों को लेकर दिया गया नोटिस?
इससे पहले केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने संबंधित संस्थाओं से एयर फोर्स गोल्फ कोर्स की जमीन भी सौंपने को कहा था।
अगस्त में विभाग ने लोक कल्याण मार्ग स्थित 53 एकड़ के परिसर से दिल्ली रेस क्लब को बेदखल कर दिया था। इसके लिए जमीन की जरूरत एक अनिर्दिष्ट सार्वजनिक उद्देश्य के लिए बताई गई थी।
इसके अलावा, सरकार ने इंडिया पोलो एसोसिएशन से जयपुर पोलो ग्राउंड की जमीन भी वापस ले ली थी। इस कदम के पीछे व्यापक जनहित, प्रशासनिक जरूरतों और रक्षा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का हवाला दिया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.