मोबाइल गेम खेलने से रोका तो बेटी ने पिता की कर दी हत्या, सूरत में सनसनीखेज वारदात

HIGHLIGHTS
- मृतक की पत्नी ने बेटी के दिनभर मोबाइल पर गेम खेलने की शिकायत की थी।
- पिता ने घरेलू काम में मदद करने को कहा और बेटी का फोन तोड़ दिया।
- आरोपी ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से सिर पर वार किया, फिर चाकू से हमला किया।
अहमदाबाद। गुजरात के सूरत में मोबाइल गेम खेलने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवती ने अपने 55 साल के पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता ने बेटी को गेम खेलने से रोका और गुस्से में उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इससे नाराज होकर युवती ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर हमला किया और फिर चाकू से कई वार कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना सूरत के कोसाड इलाके की है। रविवार को 55 वर्षीय रमेश चौहान काम से घर लौटे थे। इस दौरान उनकी पत्नी मंजू ने उनसे शिकायत की कि बेटी काजल (22) दिनभर मोबाइल पर गेम खेलती रहती है और घर के कामों में मदद नहीं करती।
इसके बाद रमेश ने काजल को मोबाइल फोन छोड़कर घरेलू कामकाज में हाथ बंटाने के लिए कहा। लेकिन जब उसने उनकी बात नहीं मानी, तो गुस्से में रमेश ने उसके हाथ से फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया।
कुकर के ढक्कन और चाकू से किया हमला
मोबाइल टूटने से काजल को गुस्सा आ गया। उसने रसोई के स्लैब पर रखा प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पिता रमेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने चाकू उठाकर पिता पर कई वार किए।
रमेश की चीख सुनकर उनकी पत्नी मंजू किचन में पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने पति को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उनके सिर और पेट से काफी खून बह रहा था।
पुलिस ने आरोपी बेटी को किया गिरफ्तार
घायल रमेश चौहान को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पत्नी मंजू की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। रविवार देर रात ही आरोपी काजल को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस इंस्पेक्टर जे. बी. वानर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मोबाइल गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बेटी ने अपने पिता की हत्या कर दी।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि काजल के जैविक पिता की कुछ साल पहले सौराष्ट्र में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां सूरत आ गई थी और उसने रमेश चौहान से शादी कर ली थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.